आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

Nikhil Malhotra
3 Min Read

एसएसपी कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। सोशल मीडिया पर राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने प्रदेश सचिव स्वाति नेगी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कार्यकर्ताओं ने देहरादून ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक जया बलूनी से मुलाकात कर ‘वसूली अभियान मोर्चा’ नामक सोशल मीडिया पेज के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस प्रदेश सचिव स्वाति नेगी ने आरोप लगाया कि उक्त सोशल मीडिया पेज पर उनके राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी महिला के चरित्र, परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियों से उनके साथ-साथ उनके परिवार की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वाति नेगी ने कहा कि राजनीतिक आलोचना का जवाब देने के लिए वह तैयार हैं, लेकिन चरित्र पर सवाल उठाने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित पोस्ट में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के सम्मान को भी प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, इस मामले में पूर्व में भी पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है।

ज्ञापन में कहा गया कि 28 दिसंबर 2025 को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर ह्यवसूली अभियान मोर्चाह्ण के संचालक के खिलाफ शिकायत कराने का प्रयास किया गया था। इसके बाद 28 फरवरी 2026 को कथित तौर पर इसी सोशल मीडिया पेज से कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाते हुए एक और वीडियो पोस्ट किया गया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे। शिकायत देने वालों में कांग्रेस उपाध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, देहरादून महानगर अध्यक्ष डॉ.

जसविंदर गोगी, पार्षद कोमल बोरा, एतात खान, रॉबिन त्यागी, पिया थापा, मोहन काला, लकी राणा, मोहित मेहता, मोनी, विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू), संजय, सुलेमान अंसारी, सुरभि शाह, वंदना राही, गुल मोहम्मद, हर्ष बागरी, अभिषेक पासी, प्रियांशु गोड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article