हिमाचल प्रदेश: लंबे इंतजार के बाद हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों के लिए रोहतांग पास को आंशिक रूप से खोल दिया गया है। प्रशासन ने फिलहाल मार्ग को केवल रानी नाला (मढ़ी के पास) तक बहाल किया है, जबकि आगे के हिस्सों में बर्फ हटाने का काम जारी है।
सीमा सड़क संगठन (BRO) और प्रशासन की टीमें लगातार बर्फ हटाने में जुटी हुई हैं, और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पूरे रोहतांग पास पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।
रोहतांग पास खुलने से पर्यटकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बर्फ से ढकी वादियां, ठंडी हवाएं और प्राकृतिक नजारे सैलानियों को आकर्षित कर रहे हैं, जिससे मनाली और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने लगी हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रोहतांग जाने के लिए सभी पर्यटकों को ऑनलाइन व्हीकल परमिट लेना अनिवार्य होगा। इसके लिए पर्यटकों को “Rohtang Permit Portal” पर आवेदन करना होगा। प्रति वाहन 550 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसमें 500 रुपये परमिट फीस और 50 रुपये कंजेशन चार्ज शामिल है।
पर्यावरण संरक्षण और ट्रैफिक नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन सीमित संख्या में वाहनों को ही रोहतांग जाने की अनुमति दी जाएगी।
रोहतांग पास के आंशिक रूप से खुलने से होटल व्यवसायियों, टैक्सी ऑपरेटरों और स्थानीय व्यापारियों में खुशी की लहर है। पर्यटन कारोबार में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।


