हरदोई में एक प्राइवेट स्कूल की प्रिंसिपल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक अभिभावक से बहस करते हुए कथित तौर पर “यू शट अप” जैसे शब्द कहती नजर आ रही हैं। मामला एसपी तिराहे के पास स्थित न्यू सन बीम पब्लिक स्कूल का बताया जा रहा है।
पीड़ित अभिभावक नीलम वर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी बच्ची यूकेजी में पढ़ती है और बाहर से किताबें खरीदने को लेकर स्कूल प्रशासन से विवाद हुआ। अभिभावक का कहना है कि इसी बात पर प्रिंसिपल ने उनके साथ बदसलूकी की और अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
नीलम वर्मा ने जिला प्रशासन से शिकायत करते हुए डीएम से कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि वीडियो में प्रिंसिपल द्वारा आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है, जिससे वे मानसिक रूप से आहत हैं।
वहीं दूसरी ओर, स्कूल प्रिंसिपल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वायरल वीडियो एडिट किया गया है और पूरी घटना को गलत तरीके से पेश किया गया है। उनका कहना है कि स्कूल में उस दिन वैक्सीनेशन कार्यक्रम चल रहा था और वह बच्चों की सुरक्षा व व्यवस्था में व्यस्त थीं।
प्रिंसिपल ने यह भी आरोप लगाया कि अभिभावक फीस को लेकर दबाव बना रहे थे और कई बार नियमों से छूट की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वीडियो को काट-छांट कर वायरल किया गया है ताकि उनकी छवि खराब की जा सके।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि यदि उनकी किसी बात से अभिभावक को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए खेद प्रकट करती हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने इसे एक सुनियोजित प्रयास बताया।
फिलहाल मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग उठ रही है, जबकि वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।

