ड्यूटी के बाद घर लौट रहे लोको पायलट की हत्या, टाटानगर में सनसनी

shikha verma
2 Min Read

झारखंड के जमशेदपुर स्थित टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास देर रात एक सनसनीखेज वारदात में चक्रधरपुर रेल मंडल के लोको पायलट जीके गौतम की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बागबेड़ा थाना क्षेत्र में करीब रात साढ़े 12 बजे हुई, जब लोको पायलट ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। हमलावरों ने पहले से घात लगाकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी फरार हो गए।

ड्यूटी के बाद घर लौटते समय हमला
जानकारी के अनुसार, जीके गौतम ने ड्यूटी पूरी कर लॉबी से साइन ऑफ किया था और घर की ओर जा रहे थे। लॉबी से महज कुछ दूरी पर ही अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। गोली लगते ही वे मौके पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोको पायलट की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि रेलवे लॉबी जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान के पास यह वारदात हुई। रेल कर्मियों ने रेलवे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment