पटना में गैस सिलेंडर की कमी, सड़क पर जाम और लंबी कतारें

Bole India
2 Min Read

पटना। खाड़ी देशों में जारी तनाव और युद्ध के बीच देश में एलपीजी की आपूर्ति पर असर दिख रहा है, जिससे पटना में भी संकट गहरा गया है। राजधानी के खाजेकला क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी के कारण लोगों का धैर्य जवाब दे रहा है। कई लोग सुबह 5-6 बजे से गैस एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। इस वजह से कई जगह सड़क जाम जैसी स्थिति भी बन रही है।

खाजेकला में स्थिति गंभीर

मां पटन देवी इंडियन गैस एजेंसी के पास लोग धूप में घंटों खड़े हैं। कई ग्राहकों का कहना है कि बुकिंग के दौरान ओटीपी नहीं आ रहा है, जबकि बुकिंग होने के बावजूद डिलीवरी नहीं हो रही। रमजान पर्व के अवसर पर कई परिवार रोज़ा रखे हुए हैं और घरेलू गैस की कमी से परेशानी और बढ़ गई है।

एजेंसी मालिक का पक्ष

गैस एजेंसी के मालिक मनोज कुमार ने बताया कि मंगलवार को वितरित किए जाने वाले सिलेंडरों में कुछ लोग बिना घरेलू गैस नंबर लगाए 30-40 सिलेंडर ले गए। बुधवार को भी कुछ उपभोक्ताओं ने बिना नंबर के सिलेंडर की मांग की और हंगामा किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि सिलेंडर की कोई लूट नहीं हुई।

प्रशासन का दावा

पटना जिला प्रशासन लगातार दावा कर रही है कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में कोई समस्या नहीं है और पैनिक होने की जरूरत नहीं है। बावजूद इसके, महिलाएं और अन्य नागरिक सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े हैं और बिना गैस लिए घर जाने को तैयार नहीं हैं।

पटना में एलपीजी संकट न सिर्फ आम लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी प्रभावित कर रहा है, बल्कि सड़क और सार्वजनिक व्यवस्था पर भी असर डाल रहा है। प्रशासन और एजेंसी के बीच तालमेल की कमी ने जनता की नाराज़गी बढ़ा दी है।

Share This Article
Leave a Comment