अफवाह से मचा हाहाकार, सीतापुर के पेट्रोल पंपों पर कैन-डिब्बे लेकर पहुंचे लोग

Bole India
2 Min Read

सीतापुर: इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर अफवाहों का दौर शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक खबरों के कारण लोगों में घबराहट फैल गई और कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

अफवाहों के चलते लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। कई लोग कैन और बड़े डिब्बे लेकर पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए कतार में लग गए। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिलीं और लोगों में ईंधन जमा करने की होड़ लग गई।

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैल गई थी कि भारत में केवल 25 दिनों का ही पेट्रोल और डीजल का स्टॉक बचा है। इस खबर के फैलते ही लोगों में अनावश्यक डर पैदा हो गया और कई स्थानों पर लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने लगे।

हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों ने लोगों को समझाते हुए कहा कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

वहीं जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने भी सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों का खंडन करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और बिना जरूरत ईंधन खरीदकर भीड़ न बढ़ाएं।

प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment