जनपद मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र की चौकी कस्बा रामनगर में मंगलवार देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सर्राफा व्यवसायी की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव घर से कुछ ही दूरी पर चक्की के पास चारपाई पर पड़ा मिला, जबकि उसके पास ही तमंचा रखा हुआ था। घटना ने पूरे क्षेत्र को सकते में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामनगर निवासी 48 वर्षीय सर्राफा व्यापारी संजीव वर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि संजीव वर्मा मंगलवार देर शाम दुकान बंद कर घर लौटे थे। कुछ देर घर में रुकने के बाद वह बाहर निकले। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो संजीव वर्मा का लहूलुहान शव चारपाई पर पड़ा मिला गोली चलने की आवाज सुनते ही तमाम ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना किशनी प्रभारी छत्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। शव के पास मिले तमंचे और जिंदा कारतूस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।
फिलहाल पुलिस इस उलझन में है कि सर्राफा व्यापारी की मौत आत्महत्या है या फिर हत्या। दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे कस्बे में शोक व दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है।



