पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बंथरा इलाके में लखनऊ-कानपुर रेलखंड स्थित हरौनी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली कि कानपुर की ओर से लखनऊ जा रही फरक्का एक्सप्रेस से एक किशोर हरौनी रेलवे स्टेशन के पास नीचे गिर गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो मृतक की पहचान सीतापुर के हरगांव थाना के नन्द्रासन नगवापुर निवासी अंकुल (17) के रूप में हुई
मृतक के बड़े भाई रामराज ने बताया कि करीब 20 दिन पहले दोनों भाई दिल्ली नौकरी करने गए थे। बुधवार को दोनों फरक्का एक्सप्रेस से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 8:30 बजे ट्रेन हरौनी स्टेशन के पास पहुंचने वाली थी। इसी दौरान अंकुल टॉयलेट जाने की बात कहकर सीट से उठकर चला गया। काफी देर तक वापस नहीं आने पर रामराज ने डिब्बे में उसकी तलाश की। दरवाजे के पास मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर पता चला कि हरौनी स्टेशन के पास एक किशोर ट्रेन से गिर गया है
रामराज ने ट्रेन की चेन खींचकर उसे अमौसी स्टेशन के पास रुकवाया और किसी तरह कानपुर रोड पहुंचकर 112 पर सूचना दी। बाद में वह हरौनी स्टेशन पहुंचे, जहां स्टेशन से करीब 50 मीटर आगे लखनऊ की ओर पटरी किनारे अंकुल का क्षत-विक्षत शव मिला। मृतक अंकुल के पिता विनोद की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में मां, तीन बड़े भाई और दो छोटी बहनें हैं। फिलहाला रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई कर रही है
स्रोत: www.thehindipioneer.com


