टीचर्स डे पर सीएम योगी ने शिक्षकों को दी बधाई, कहा- नई पीढ़ी का भविष्य गढ़ रहे गुरुजन

shikha verma
3 Min Read

शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा, तकनीक और नवाचार से जोड़कर शिक्षक नई पीढ़ी का भविष्य तैयार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर एक वीडियो संदेश जारी कर शिक्षकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश प्राचीन ज्ञान, साधना और संस्कारों की समृद्ध भूमि रहा है और यहां की ज्ञान परंपरा का प्रभाव देश-दुनिया तक पहुंचा है।

काशी से सारनाथ तक ज्ञान की समृद्ध परंपरा का किया उल्लेख

सीएम योगी ने अपने संदेश में उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि काशी ने पूरी दुनिया को ज्ञान का प्रकाश दिया, जबकि सारनाथ में भगवान बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था।

उन्होंने अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज को भी सनातन ज्ञान परंपरा के प्रमुख केंद्रों के रूप में बताया। मुख्यमंत्री ने नैमिषारण्य की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि इन स्थानों ने भारतीय ज्ञान, अध्यात्म, दर्शन और विज्ञान की परंपराओं को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने प्राचीन विश्वविद्यालयों का उदाहरण देते हुए कहा कि तक्षशिला और नालंदा जैसे शिक्षा केंद्रों ने भारत की ज्ञान परंपरा को दुनिया तक पहुंचाने में योगदान दिया।

https://www.instagram.com/myogi_adityanath/?utm_source=ig_embed&ig_rid=A7vVXlKzMICHBUVPu0z-oFI

‘शिक्षक नई पीढ़ी का भविष्य गढ़ रहे हैं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज के शिक्षक प्राचीन ज्ञान और संस्कारों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, तकनीक और नवाचार के साथ जोड़ रहे हैं। इसके जरिए वे नई पीढ़ी को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रहे हैं।

उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए उनके प्रति आभार जताया और मंगलमय शुभकामनाएं दीं।

शिक्षक दिवस पर सपा का ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान

वहीं, शिक्षक दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी ने भी शिक्षा से जुड़ा विशेष अभियान शुरू किया है। सपा की छात्र सभा की ओर से ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान चलाया जा रहा है, जो सात दिनों तक जारी रहेगा।

पार्टी के मुताबिक, अभियान के दौरान प्रदेश में बंद किए गए स्कूलों के सामने शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों और युवाओं को अभियान से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी

समाजवादी पार्टी इस अभियान के जरिए प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साध रही है। पार्टी का कहना है कि शिक्षा के मुद्दे को लेकर छात्रों, युवाओं और अभिभावकों के बीच जागरूकता बढ़ाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

सपा के इस अभियान को आगामी चुनावों के मद्देनजर युवाओं और खासकर Gen Z मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment