अंकित बालियान केस में एनकाउंटर के बाद सियासत तेज, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

shikha verma
2 Min Read

शामली में अंकित बालियान हत्याकांड के दो आरोपियों के पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद इस मामले को लेकर सियासत फिर तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।

राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अखिलेश यादव पर अंकित बालियान हत्याकांड को जातीय मुद्दा बनाकर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, “अखिलेश जी, खबर पता चल गई ना? जिस अंकित बालियान की हत्या पर आप राजनीति करना चाहते थे, उसके हत्यारे वहीं पहुंच गए, जहां उनकी जगह थी।”

राजभर ने आगे कहा कि किसी बेटे की लाश पर ‘जाट’ लिखकर राजनीति करना संवेदना नहीं, बल्कि सौदागरी है। उन्होंने कहा कि हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है और इसे किसी जाति या गोत्र से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

‘चुनाव आया तो जाट समाज याद आ गया’

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर चुनावी राजनीति के लिए जातीय मुद्दों को हवा देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर ही अखिलेश यादव को जाट समाज की याद आने लगी है।

राजभर के मुताबिक, जनता विपक्ष की जातीय राजनीति के साथ-साथ सरकार और पुलिस की कार्रवाई को भी देख रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था के मामलों को जातीय चश्मे से देखने के बजाय अपराध के खिलाफ कार्रवाई पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

अंकित बालियान हत्याकांड के बाद गरमाई थी सियासत

गौरतलब है कि 26 अगस्त को शामली में अंकित बालियान की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया था। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी हत्याकांड को लेकर प्रदेश सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।

अब पुलिस मुठभेड़ में हत्याकांड के दो आरोपियों के मारे जाने के बाद ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधा है। राजभर के बयान के बाद अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।

Share This Article
Leave a Comment