‘हर घर तिरंगा’ अभियान को मिलेगा संगीत का रंग, यूपी के 75 जिलों में होंगे तिरंगा कॉन्सर्ट

shikha verma
3 Min Read

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश देशभक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में ‘तिरंगा संगीत समारोह’ (तिरंगा कॉन्सर्ट) का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में राष्ट्रभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और राष्ट्र नायकों को सम्मान देने के विशेष आयोजन होंगे।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रदेश के करीब 5 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और भावी पीढ़ी में देशप्रेम की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

राष्ट्र नायकों के परिजनों का होगा सम्मान

तिरंगा कॉन्सर्ट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और विभिन्न युद्धों में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम पूरी तरह राष्ट्रभक्ति की थीम पर आधारित होंगे।

इन समारोहों में वंदे मातरम, तिरंगा गान, देशभक्ति गीत, नृत्य प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों, पुलिस बल और आर्मी बैंड की ओर से भी देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत आयोजित होने वाले तिरंगा महोत्सव में तिरंगा मेला और म्यूजिकल कॉन्सर्ट भी शामिल होंगे।

इन आयोजनों में बड़े कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा। सभी प्रस्तुतियां देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से जुड़ी होंगी।

लखनऊ में इन जगहों पर होंगे कार्यक्रम

राजधानी लखनऊ में तिरंगा संगीत समारोह के लिए कई प्रमुख स्थान प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें:

  • 1090 चौराहा
  • घंटाघर चौक
  • हजरतगंज
  • जनेश्वर मिश्र पार्क
  • एमरॉल्ड मॉल
  • लुलु मॉल

समेत अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं।

सिनेमाघरों में होगा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का प्रसारण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य रूप से प्रसारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान बढ़ाना और प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

जनभागीदारी से मनाया जाएगा अभियान

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि जिला, ब्लॉक, तहसील और ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इनमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों, आरडब्ल्यूए, शिक्षण संस्थानों, एनसीसी, एनएसएस और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

तिरंगा संगीत समारोह के माध्यम से उत्तर प्रदेश में देशभक्ति, संस्कृति और राष्ट्र गौरव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी है।

Share This Article
Leave a Comment