लखनऊ में आयोजित ब्राह्मण मंच कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए विकास दुबे प्रकरण का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोगों को याद होगा जब गाड़ी पलटने की घटना हुई थी। उन्होंने दावा किया कि यह सिर्फ एक गाड़ी पलटने की बात नहीं थी, बल्कि उस घटना के जरिए कई सवाल खड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि भविष्य में जब सैटेलाइट इमेज जैसी तकनीक से जांच होगी तो घटना की सच्चाई सामने आ सकती है।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि पहले उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जाता था, लेकिन अब ब्राह्मण समाज से जुड़े लोगों के मुद्दे भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए सामाजिक न्याय और समानता की बात रखी।
PDA को लेकर अखिलेश यादव का बयान
कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर कहा कि इसमें ‘P’ का अर्थ पंडित और पीड़ित भी है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक गठजोड़ को मजबूत करने का उनका अभियान जारी रहेगा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ने कार्यक्रम के लिए अनुमति देने में बाधा डाली, लेकिन इससे उनका अभियान प्रभावित नहीं होगा।
इस दौरान सपा प्रमुख ने प्रदेश सरकार के कामकाज, स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा।


