गुरु पूर्णिमा महोत्सव, सीएम योगी ने महायोगी गोरखनाथ का किया विधि-विधान से पूजन

shikha verma
2 Min Read

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में नाथपंथ की परंपरा के अनुसार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विशेष पूजन किया। इस दौरान उन्होंने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ, दादागुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और योगिराज बाबा गंभीरनाथ समेत नाथपंथ के सभी गुरुजनों का विधि-विधान से पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा का विशेष अनुष्ठान सुबह से ही शुरू हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान गोरखनाथ के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और लोक कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित विभिन्न देवी-देवताओं के विग्रहों और नाथपंथ के गुरुजनों की प्रतिमाओं के समक्ष भी श्रद्धा भाव से पूजन किया।

गुरु परंपरा को किया नमन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाथपंथ की गुरु परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए अपने गुरु महंत अवेद्यनाथ, दादागुरु महंत दिग्विजयनाथ और अन्य ब्रह्मलीन गुरुओं की समाधि पर जाकर पूजन किया। उन्होंने गुरुजनों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद के लिए कृतज्ञता प्रकट की।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर की परंपरा के अनुसार भगवान गोरखनाथ को रोट का महाप्रसाद भी अर्पित किया गया। पूरे अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा।

सामूहिक आरती के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

पूजा-अर्चना की सभी धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सभी गुरुजनों के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा व्यक्त की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गुरु परंपरा को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए लोक कल्याण और सद्भाव की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Share This Article
Leave a Comment