बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सियासी सरगर्मी तेज हो गई। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के रोड शो के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता एक स्थान पर आमने-सामने आ गए। हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, बीजेपी के रोड शो में सांसद रविशंकर प्रसाद, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह और पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। वहीं राष्ट्रीय जनता दल की ओर से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी पार्टी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो कर रहे थे।
रोड शो के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया गया कि दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर पंपलेट फेंके गए। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति सामान्य कराई।
पवन सिंह और तेजस्वी यादव की मुलाकात बनी चर्चा का विषय
चुनावी माहौल के बीच उस समय एक दिलचस्प दृश्य देखने को मिला, जब बीजेपी नेता पवन सिंह और तेजस्वी यादव आमने-सामने आ गए। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इस दौरान इशारों में बातचीत भी हुई। राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच दोनों नेताओं का यह शिष्टाचार चर्चा का विषय बन गया।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे परिणाम
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। यह सीट पूर्व विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई थी।
त्रिकोणीय मुकाबले से बढ़ी चुनावी दिलचस्पी
बांकीपुर सीट पर इस बार मुकाबला काफी रोचक हो गया है। बीजेपी ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि आरजेडी ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। इसके अलावा जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत और 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।


