गुरु पूर्णिमा पर गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से पूजन करेंगे सीएम योगी

shikha verma
2 Min Read

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को श्री गोरखनाथ मंदिर में भगवान शिव के अवतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से विशेष पूजन-अर्चन करेंगे। इस दौरान वे नाथपंथ की गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा अर्पित करेंगे और परंपरा के अनुसार गुरु गोरखनाथ को रोट का भोग भी अर्पित करेंगे।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ प्रातः 5 बजे से होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद श्रीनाथ जी को रोट अर्पित किया जाएगा। तत्पश्चात मंदिर परिसर में स्थापित विभिन्न देवी-देवताओं के विग्रहों, नाथपंथ के महान योगियों तथा ब्रह्मलीन महंतों की समाधियों पर विशेष पूजन किया जाएगा। सभी अनुष्ठानों का समापन सामूहिक आरती के साथ होगा। यह पूरा धार्मिक कार्यक्रम प्रातः लगभग 7 बजे तक चलेगा।

गुरु पूजन के उपरांत सुबह लगभग 9 बजे से महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में 23 जुलाई से आयोजित सप्तदिवसीय श्रीराम कथा का समापन एवं पूर्णाहुति कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके बाद आशीर्वचन और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ उपस्थित श्रद्धालुओं, संतों और अपने शिष्यों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गोरखनाथ मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर प्रशासन ने दर्शन, पूजन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पावन पर्व के समापन पर दोपहर 12:30 बजे से गोरखनाथ मंदिर परिसर में सहभोज (भंडारा) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। गुरु पूर्णिमा के इस विशेष आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित देश के अनेक हिस्सों से संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Share This Article
Leave a Comment