उत्तर प्रदेश विधानमंडल का वर्ष 2026 का तृतीय सत्र 3 अगस्त से शुरू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में विधानसभा और विधान परिषद के आगामी सत्र को बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने जानकारी देते हुए बताया कि मानसून सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसके अलावा सरकार की ओर से जारी किए गए अध्यादेशों के स्थान पर लाए जाने वाले विधेयक और अन्य महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे।
दोनों सदनों में चलेगी कार्यवाही
आगामी सत्र में उत्तर प्रदेश विधानसभा और विधान परिषद दोनों की बैठकें आयोजित होंगी। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार दो सत्रों के बीच छह महीने से अधिक का अंतर नहीं हो सकता, इसी को ध्यान में रखते हुए 3 अगस्त से सत्र बुलाने का निर्णय लिया गया है।
सरकार पेश करेगी अहम विधेयक
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि सत्र के दौरान अनुपूरक अनुदानों की मांगों पर चर्चा और स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही शासन के महत्वपूर्ण निर्णयों को कानूनी रूप देने के लिए अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयक भी सदन में पेश किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली के तहत सत्र की सूचना निर्धारित समय के अनुसार सदस्यों को उपलब्ध कराई जाएगी। मानसून सत्र में सरकार के विधायी एजेंडे और प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।


