उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के बाद आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने सनातन धर्म, विपक्षी दलों और प्रदेश के विकास को लेकर कई बयान दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म सुरक्षित है तो समाज और देश सुरक्षित है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “अगर सनातन पर कोई खतरा आएगा तो कोई बच नहीं पाएगा।” उन्होंने सपा और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों का चरित्र सनातन विरोधी रहा है और ये समाज को बांटने का काम करते हैं।
विपक्ष पर लगाया विकास विरोधी होने का आरोप
सीएम योगी ने कहा कि जब देश या समाज पर संकट आता है तो विपक्षी दलों की आवाज कमजोर पड़ जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने हमेशा विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास किया है।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जनता के पैसों का इस्तेमाल कब्रिस्तानों की चहारदीवारी बनाने में किया जाता था, जबकि धार्मिक स्थलों के विकास के लिए पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
‘ऐसी धर्मनिरपेक्षता को खत्म करना होगा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में पर्व-त्योहारों पर रोक लगाने की कोशिश होती थी, लेकिन कुछ अन्य कार्यों को धर्मनिरपेक्षता के नाम पर बढ़ावा दिया जाता था। उन्होंने कहा कि देश का निर्माण अपनी सांस्कृतिक विरासत और सनातन मूल्यों को मजबूत करके किया जाना चाहिए।
विकास कार्यों और कानून व्यवस्था का किया जिक्र
बाराबंकी में सीएम योगी ने 542 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में निवेश, सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक विकास का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर निवेश हो रहा है, लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण जैसी परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं और सरकार प्रदेश में सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित कर रही है।
‘उपद्रव करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम’
कानून व्यवस्था को लेकर सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में किसी भी तरह का उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग कानून तोड़ेंगे, उनके लिए केवल दो जगह हैं- जेल या जहन्नुम।
केडी सिंह बाबू की हवेली के संरक्षण का भरोसा
मुख्यमंत्री ने बाराबंकी स्थित हॉकी खिलाड़ी बाबू केडी सिंह की हवेली का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी विरासत को संरक्षित किया जाएगा और हवेली को बिकने नहीं दिया जाएगा। सरकार इसके लिए आवश्यक कदम उठाएगी ताकि केडी सिंह बाबू की स्मृतियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहें।


