यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा दांव, रथ यात्रा से दोहराएंगे 36 साल पुराना इतिहास?

shikha verma
2 Min Read

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में एक बड़ी रथ यात्रा निकालने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, यह यात्रा सितंबर 2026 में शुरू हो सकती है।

सूत्रों की मानें तो सपा इस यात्रा का नाम ‘समाजवादी पीडीए रथ यात्रा’ रखने पर विचार कर रही है। यात्रा की शुरुआत किसी प्रमुख धार्मिक स्थल से किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम स्थान को लेकर पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी फैसला नहीं लिया गया है।

संभावना है कि रथ यात्रा की शुरुआत अयोध्या, मथुरा या वाराणसी (काशी) में से किसी एक स्थान से हो सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इसके जरिए सपा प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच बनाने और चुनावी माहौल तैयार करने की रणनीति पर काम कर रही है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि धार्मिक स्थल से यात्रा की शुरुआत करने का फैसला सपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। पार्टी इस माध्यम से विभिन्न सामाजिक समूहों तक पहुंच बनाने और अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।

इस कदम को 1990 में निकली चर्चित राम रथ यात्रा के राजनीतिक प्रभाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, अखिलेश यादव की प्रस्तावित यात्रा को लेकर अभी तक समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी रणनीतियां तैयार कर रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव की संभावित रथ यात्रा प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर सकती है।

Share This Article
Leave a Comment