बिहार में होने वाले बांकीपुर उपचुनाव के बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को बड़ा झटका लगा है। जन सुराज के कई नेताओं ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है।
पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जन सुराज के पूर्व नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान केसी सिन्हा समेत कई नेताओं ने बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया।
केसी सिन्हा 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज के टिकट पर कुम्हरार सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे। इसके अलावा मनेर विधानसभा से जन सुराज के उम्मीदवार रहे गोपाल सिंह और दीघा सीट से प्रत्याशी रहे बिट्टू सिंह ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
इन नेताओं के साथ बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ता भी बीजेपी में शामिल हुए। इससे पहले बिट्टू सिंह ने जन सुराज से अलग होने की जानकारी दी थी और बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार को समर्थन देने की बात कही थी।
नेताओं का यह पार्टी परिवर्तन ऐसे समय हुआ है जब प्रशांत किशोर खुद बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में हैं। राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस बात पर है कि नेताओं के इस कदम का उपचुनाव के परिणामों पर कितना असर पड़ेगा। फिलहाल इस मामले पर जन सुराज पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


