अयोध्या के बाद मथुरा में आंदोलन की तैयारी? श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर 9 अगस्त का ऐलान

shikha verma
2 Min Read

मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद को लेकर संत समाज की ओर से एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति अभियान से जुड़े संतों ने 9 अगस्त को ब्रज क्षेत्र में कारसेवा और पार्थिव पूजन कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान किया है।

श्री चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर जगतगुरु डॉ. स्वामी सच्चिदानंद ने बताया कि इस कार्यक्रम की तारीख पहले ही तय की जा चुकी थी। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को ब्रज में धार्मिक कार्यक्रम और कारसेवा का आयोजन प्रस्तावित है।

उन्होंने दावा किया कि इस अभियान में देशभर से बड़ी संख्या में संत-महात्मा शामिल होंगे और संत समाज का समर्थन मिल रहा है। उनका कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान से जुड़े मुद्दे को लेकर अभियान आगे बढ़ाया जाएगा।

वहीं, आनंद अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद ने कहा कि जिस तरह अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवा हुई थी, उसी तरह जरूरत पड़ने पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए भी साधु-संत और अखाड़े आगे आने के लिए तैयार हैं।

मानस देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामले को आगे बढ़ाने का समय है। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं से अभियान में सहयोग की अपील की।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा मामला फिलहाल न्यायालयों में लंबित है। इस विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट में विभिन्न याचिकाओं पर सुनवाई जारी है।

Share This Article
Leave a Comment