बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत राज्य के 97.84 लाख लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन की राशि ट्रांसफर कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से कुल 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि जारी की।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थी जुड़े। राशि ट्रांसफर होने के बाद पात्र लाभुक अपने बैंक खाते की जांच कर सकते हैं।
हर महीने 10 तारीख को मिलेगा पेंशन का लाभ
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस दौरान सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब हर महीने की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस दिन राज्य के सभी पात्र पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि भेजी जाएगी, जिससे लाभार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
पेंशन राशि बढ़ाकर 1100 रुपये की गई
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये किया गया है, जिससे गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद मिल रही है।
पात्र लाभार्थियों को जोड़ने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से वंचित न रहे। उन्होंने आधार कार्ड लिंक नहीं कराने वाले लाभार्थियों का जल्द आधार जोड़ने के लिए अभियान चलाने को कहा।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


