उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी माता के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाले एक वायरल ऑडियो को लेकर अयोध्या में विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में तपस्वी छावनी के जगदगुरु परमहंस आचार्य ने अयोध्या कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जगदगुरु परमहंस आचार्य ने अपनी शिकायत में सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप का उल्लेख करते हुए कहा कि उसमें मुख्यमंत्री और उनकी माता के प्रति कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने संबंधित कानूनी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।
शिकायत दर्ज कराने के बाद परमहंस आचार्य ने कहा कि ऑडियो सुनने के बाद उन्हें गहरा आघात पहुंचा और इस तरह की भाषा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पुलिस से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।
पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऑडियो से जुड़े व्यक्ति की पहचान अयोध्या के बाबा बाजार क्षेत्र के निवासी के रूप में बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अयोध्या पुलिस का कहना है कि वायरल ऑडियो की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


