रिलायंस जियो ने अपने यूजर्स के लिए एक नया एंटरटेनमेंट पैक लॉन्च किया है। JioTV Pro Pack नाम के इस प्लान की कीमत सिर्फ 55 रुपये रखी गई है। इस पैक में यूजर्स को 1000 से ज्यादा टीवी चैनल्स का एक्सेस मिलेगा।
यह नया पैक उन यूजर्स के लिए है जो कम कीमत में ज्यादा एंटरटेनमेंट कंटेंट देखना चाहते हैं। इसमें म्यूजिक, न्यूज, मूवी, किड्स, लाइफस्टाइल और अन्य कैटेगरी के चैनल शामिल हैं।
30 दिन की मिलेगी वैलिडिटी
जियो का 55 रुपये वाला JioTV Pro Pack 30 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है। हालांकि यह सिर्फ एंटरटेनमेंट पैक है, इसलिए इसमें कॉलिंग, इंटरनेट डेटा या SMS जैसे फायदे शामिल नहीं हैं।
इस पैक का इस्तेमाल करने के लिए यूजर के जियो नंबर पर एक एक्टिव बेस प्लान होना जरूरी है। इसे JioTV ऐप के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है और यह सुविधा एक समय में सिर्फ एक डिवाइस पर उपलब्ध होगी।
16 भाषाओं में मिलेगा कंटेंट
JioTV Pro Pack में यूजर्स को 16 अलग-अलग भाषाओं में कंटेंट देखने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा 150 से ज्यादा प्रीमियम टीवी चैनल्स भी इस पैक का हिस्सा हैं।
इसमें सोनी एंटरटेनमेंट, वार्नर ब्रदर्स, डिस्कवरी और जियोस्टार जैसे कई चैनल्स शामिल हैं। यूजर्स स्टार प्लस, सोनी सब, सन टीवी, कलर्स एचडी समेत कई लोकप्रिय चैनल भी देख सकेंगे।
स्पोर्ट्स चैनल्स की सुविधा नहीं मिलेगी
हालांकि इस पैक में सभी तरह के चैनल्स उपलब्ध नहीं होंगे। जियो के अनुसार, इस प्लान में सोनी और जियोस्टार के स्पोर्ट्स चैनल्स का एक्सेस शामिल नहीं है।
यूजर्स इस पैक को जियो ऐप या अन्य रिचार्ज माध्यमों से एक्टिवेट कर सकते हैं। रिचार्ज के बाद JioTV ऐप में अपने रजिस्टर्ड नंबर से लॉगिन करना होगा।
एयरटेल का एंटरटेनमेंट प्लान भी मौजूद
वहीं, एयरटेल यूजर्स के लिए कंपनी 838 रुपये का प्लान ऑफर कर रही है, जिसमें 56 दिनों की वैलिडिटी के साथ डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और SMS सुविधाएं मिलती हैं। इसके अलावा इसमें OTT प्लेटफॉर्म्स और अन्य डिजिटल सेवाओं के सब्सक्रिप्शन भी शामिल हैं।


