सीएम योगी ने बांदा में रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का किया अनावरण, बलिदान को किया नमन

shikha verma
3 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा जिले के कालू कुआं चौराहे पर वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने वीरांगना के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश की आन-बान-शान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी अवंती बाई लोधी का साहस और त्याग आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने प्रतिमा स्थापना के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य वीरों और राष्ट्र नायकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।

महापुरुषों को मिलता है सम्मान: सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं, तो महापुरुषों और वीरों को उचित सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण वीरांगनाओं और देश के लिए बलिदान देने वाले नायकों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

उन्होंने बांदा के विकास कार्यों का भी जिक्र किया और कहा कि शहर में बेहतर सड़कें, योजनाबद्ध विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।

1857 के स्वतंत्रता संग्राम में रानी अवंती बाई का योगदान याद किया

मुख्यमंत्री ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में कई वीरों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया। मंगल पांडे, तात्या टोपे, रानी लक्ष्मीबाई और रानी अवंती बाई लोधी जैसे योद्धाओं ने देश की स्वतंत्रता के लिए अदम्य साहस दिखाया।

उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई ने राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और साहस की प्रेरणा देता रहेगा।

बांदा में वीरों के सम्मान की परंपरा आगे बढ़ रही: योगी

सीएम योगी ने कहा कि बांदा में महापुरुषों और वीरों की स्मृतियों को सम्मान देने की परंपरा आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में राष्ट्रीय गौरव और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।

कार्यक्रम में जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment