अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा केस, आरोपियों की निशानदेही पर नकदी-जेवर बरामद, जांच जारी

shikha verma
2 Min Read

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों—लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडेय—से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर नकदी, सोने के आभूषण, एक कार और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अनुकल्प मिश्रा के कब्जे से 20 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन, मोबाइल फोन और उसके पिता के नाम पर खरीदी गई एक डिजायर कार बरामद की गई है। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है।

जांच के दौरान पुलिस का दावा है कि आरोपी लवकुश मिश्रा ने कथित तौर पर चोरी की रकम से अपनी पत्नी के लिए सोने का लॉकेट खरीदा था। पुलिस ने वह लॉकेट भी बरामद कर लिया है। इसके अलावा उसके पास से 38 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। वहीं करुणेश पांडेय के पास से 15 हजार रुपये नकद मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है।

सुनसान स्थान पर होता था रकम का बंटवारा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के पास एक सुनसान स्थान पर इकट्ठा होकर पैसे का बंटवारा करते थे। जांच के दौरान पुलिस आरोपियों को उस स्थान पर भी लेकर गई, जहां घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की गई।

फर्जी रसीदों के इस्तेमाल का आरोप

इससे पहले पुलिस ने बताया था कि आरोपियों पर श्रद्धालुओं से धन एकत्र करने के लिए कथित तौर पर फर्जी रसीदों का इस्तेमाल करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, ये रसीदें असली रसीदों से काफी मिलती-जुलती थीं और उन पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का लोगो भी छपा हुआ था, जिससे उन्हें पहचानना आसान नहीं था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment