बिहार में बांकीपुर विधानसभा सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दावा किया है कि बांकीपुर सीट पर एक बार फिर बीजेपी की जीत होगी। उन्होंने इसके पीछे क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को बड़ी वजह बताया।
संजय सरावगी ने मंगलवार (7 जुलाई) को कहा कि बांकीपुर में पिछले कुछ वर्षों में बड़े स्तर पर बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब क्षेत्र की स्थिति पहले बेहतर नहीं थी, तब से अब तक बुनियादी सुविधाओं और विकास परियोजनाओं में काफी सुधार हुआ है।
उन्होंने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र में फोरलेन सड़कें, पार्क, एलिवेटेड रोड जैसी परियोजनाएं पूरी हुई हैं और मेट्रो सेवा के विस्तार की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है।
‘विपक्ष मुकाबले में नहीं’
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बांकीपुर के विधायक नितिन नवीन के कार्यकाल में क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए हैं और जनता इसका मूल्यांकन करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए समर्थित उम्मीदवार को जनता का समर्थन मिलेगा।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल सोशल मीडिया पर माहौल बनाने से चुनाव नहीं जीते जाते। उन्होंने कहा कि जमीन पर जाकर जनता से बात करने पर क्षेत्र के लोगों की राय स्पष्ट हो जाएगी।
गिरिराज सिंह ने भी जताया भरोसा
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी बांकीपुर सीट पर बीजेपी की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन को क्षेत्र की जनता ने विधायक बनाया और पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी, जो पार्टी के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता आगामी चुनाव में भी बीजेपी के पक्ष में अपना समर्थन देगी। फिलहाल बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल सक्रिय हैं और मुकाबले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है।


