उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को ऋषिकेश में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दूसरे चरण के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा के पांच वर्ष पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और राज्य के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है और पर्यटन के क्षेत्र में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने समय नहीं, बल्कि जनता की सेवा को प्राथमिकता दी। उनके अनुसार राज्य में प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिला है तथा पलायन रोकने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि अब कई लोग स्वरोजगार के लिए अपने गांव लौट रहे हैं।
सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार द्वारा लिए गए कई महत्वपूर्ण फैसलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, भू-कानून को मजबूत करने और अल्पसंख्यक शिक्षा व्यवस्था में बदलाव जैसे फैसले सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में अहम कदम हैं।
उन्होंने बताया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर दिए गए हैं। इसके अलावा महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, बेहतर सड़क और धार्मिक अवसंरचना, निवेश को बढ़ावा तथा स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए भी सरकार ने कई पहल की हैं।
अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत
सीएम धामी ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दूसरे चरण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का समाधान उनके बीच जाकर करना है। उन्होंने कहा कि सरकार विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर लगातार काम कर रही है तथा जनता के सहयोग से विकास की गति को और तेज किया जाएगा।


