ई-रिक्शा बंद करने वाली ऐप्स पर एक्शन, दो ऐप्स प्ले स्टोर से हटाई गईं

shikha verma
2 Min Read

देश में ई-रिक्शा को रिमोटली बंद करने वाली ऐप्स को लेकर सरकार ने सख्त कदम उठाया है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दो ऐप्स को ऐप स्टोर से हटा दिया गया है। साथ ही सरकार ने गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से भी ऐसे ऐप्स को हटाने और भविष्य में रोकने को लेकर बातचीत शुरू कर दी है।

पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए थे, जिनमें दावा किया गया कि कुछ लोग मोबाइल ऐप की मदद से चलते हुए ई-रिक्शा को अचानक बंद कर दे रहे हैं। इन वीडियो के वायरल होने के बाद सरकार ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, इनमें से एक ऐप BAT-BMS है, जिसे मूल रूप से बैटरी मॉनिटरिंग के लिए डिजाइन किया गया था, लेकिन इसका इस्तेमाल ई-रिक्शा की बैटरी को नियंत्रित करने में भी किया जा रहा था। इसी वजह से ई-रिक्शा बीच सड़क पर अचानक बंद हो जाने की घटनाएं सामने आईं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई।

बताया जा रहा है कि लिथियम बैटरी वाले कुछ ई-रिक्शा में ब्लूटूथ आधारित बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम होता है, जिसे यदि सुरक्षित न किया जाए तो वह ऐप से कनेक्ट होकर कंट्रोल किया जा सकता है। इसी खामी का फायदा उठाकर बैटरी को डिसेबल करने और वाहन को रोकने की घटनाएं सामने आईं।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे किसी भी ऐप या तकनीक पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही ऐप स्टोर्स से भी यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि भविष्य में इस तरह के संभावित खतरनाक ऐप्स को प्लेटफॉर्म पर जगह न मिले।

Share This Article
Leave a Comment