अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित गबन और चोरी के मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी करुणेश पांडेय ने पूछताछ में 18 लाख 7 हजार 63 रुपये की धनराशि के गबन की बात स्वीकार की है।
सूत्रों के अनुसार, यह मामला मंदिर ट्रस्ट में चढ़ावे की गिनती के दौरान हुई अनियमितताओं से जुड़ा है, जिसमें कुल 8 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस जांच में करुणेश पांडेय के पास से कुल 18,07,063 रुपये की राशि बरामद की गई, जिसमें विभिन्न नोट और सिक्के शामिल थे।
बरामदगी के दौरान 500, 200, 20, 10, 5, 2 और 1 रुपये के नोटों के साथ-साथ सिक्के भी पाए गए। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पूरी राशि को जब्त कर सील कर दिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस ने बताया कि बरामद राशि को नियमानुसार सुरक्षित रखा गया है और मामले की जांच आगे भी जारी है। जांच के दौरान ट्रस्ट परिसर और संबंधित स्थानों की तलाशी भी ली गई।
सूत्रों के मुताबिक, यह मामला 27 मई 2026 को सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें करुणेश पांडेय सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। पूरे मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित गबन में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।


