दिल्ली में ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। यह प्रोजेक्ट द्वारका एक्सप्रेसवे को वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ने वाली 6-लेन की सुरंग के निर्माण से जुड़ा है।
करीब 8.1 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर लगभग 6,969 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बनने से पश्चिमी, दक्षिणी और गुरुग्राम की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह सुरंग राष्ट्रीय राजमार्ग-148AE पर बनाई जाएगी और इसमें ट्विन ट्यूब तकनीक का इस्तेमाल होगा। इसका लगभग 1.98 किलोमीटर हिस्सा रिज क्षेत्र के नीचे से गुजरेगा, जिससे पर्यावरण पर कम असर पड़ेगा। प्रोजेक्ट को शिवमूर्ति इंटरचेंज से शुरू कर नेल्सन मंडेला मार्ग और महिपालपुर-छतरपुर रोड के पास तक विकसित किया जाएगा।
इस कॉरिडोर के जरिए द्वारका, आईजीआई एयरपोर्ट, गुरुग्राम और पश्चिमी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही इसे अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 और अन्य प्रमुख मार्गों से भी जोड़ा जाएगा, जिससे नोएडा और गाजियाबाद तक पहुंच आसान हो सकेगी।
योजना में एक एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर भी शामिल है, जो आसपास के जंक्शन पर ट्रैफिक दबाव कम करेगा। इसके अलावा, परियोजना से लाखों पर्सन-डेज़ के रोजगार सृजन की संभावना भी जताई गई है। सरकार का मानना है कि यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में यात्रा समय घटेगा और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम हो जाएगी।


