बिहार विधान परिषद के उपसभागार में आज नवनिर्वाचित 10 विधान पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। यह शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी 10 नए MLC औपचारिक रूप से अपने कार्यकाल की शुरुआत करेंगे।
पवन सिंह और निशांत कुमार पर खास नजर
इस शपथ ग्रहण समारोह में सबसे अधिक चर्चा दो नए चेहरों को लेकर है। भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पहली बार विधान परिषद सदस्य (MLC) के रूप में शपथ लेंगे। दोनों की राजनीतिक एंट्री को लेकर राज्य की सियासत में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
10 सदस्य निर्विरोध चुने गए
हाल ही में हुई द्विवार्षिक चुनाव प्रक्रिया में कुल 10 सीटों पर केवल 10 उम्मीदवारों ने ही नामांकन दाखिल किया था, जिसके चलते सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। इनमें बीजेपी और जदयू से 4-4, एलजेपी (रामविलास) और राजद से 1-1 उम्मीदवार शामिल हैं।
शपथ लेने वालों में जदयू के भारती मेहता, शिवानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद, बीजेपी के संजय मयूख, अनिल ठाकुर और शीला पंडित, एलजेपी (आर) के अशरफ अंसारी तथा राजद के सुनील सिंह शामिल हैं।
पवन सिंह की राजनीतिक एंट्री
बीजेपी ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह को विधान परिषद चुनाव के लिए अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया था। उनकी लोकप्रियता और युवाओं में प्रभाव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें उच्च सदन में भेजने का फैसला किया। आज वे पहली बार MLC के रूप में शपथ लेकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे।
निशांत कुमार की पहली राजनीतिक जिम्मेदारी
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार भी पहली बार विधान परिषद सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। उनकी एंट्री को बिहार की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। इस शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही बिहार की सियासत में नए समीकरण और चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।


