यूपी में दर्दनाक सड़क हादसे, मथुरा में पिता-पुत्र की मौत, बदायूं में बस पलटी, 20 घायल

shikha verma
2 Min Read

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने हड़कंप मचा दिया। मथुरा और बदायूं जिलों में हुए इन हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।

पहला हादसा मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के पास बरौली गांव के करीब हुआ। जानकारी के अनुसार, औरैया निवासी 58 वर्षीय व्यवसायी परमहंस पांडेय अपने 27 वर्षीय बेटे पुष्पेंद्र के साथ कार से दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रही रोडवेज बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरा हादसा बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर नौली हरनाथपुर गांव के पास हुआ। यहां वाराणसी से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें भी आई हैं।

प्रारंभिक जांच में दोनों हादसों का कारण तेज रफ्तार और ड्राइवरों को झपकी आना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment