उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, आठ जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी

shikha verma
3 Min Read

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी और नैनीताल—में आज बारिश की संभावना जताई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। इसी के मद्देनजर इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

पहाड़ी इलाकों में बढ़ेगी चुनौती

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि संवेदनशील क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।

देहरादून में हल्की बारिश के आसार

राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दिन के किसी भी समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली कड़कने और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक पहाड़ी जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रहेगा।

19 और 20 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

21 जून को भी इन्हीं पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी संभव है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह भी दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment