जनपद सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के दीवां गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। बेलन नदी में नहाने गए एक 12 वर्षीय किशोर को मगरमच्छ ने पकड़कर पानी में खींच लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, दीवां गांव निवासी आदर्श (12 वर्ष), पुत्र बेचन कोल, अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर बेलन नदी में नहाने गया था। उसके साथ गांव का एक अन्य किशोर भी मौजूद था। नहाते समय अचानक नदी में मौजूद मगरमच्छ ने आदर्श पर हमला कर दिया और उसे पकड़कर पानी के अंदर खींच ले गया।
साथ में नहा रहे किशोर ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडा और बांस लेकर मगरमच्छ को भगाने की कोशिश की, जिसके बाद वह वहां से चला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में उतरकर तलाश की और कुछ देर बाद किशोर का शव पानी से बरामद किया।
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी, हालांकि प्रारंभिक रूप से डूबने की आशंका भी जताई जा रही है।


