भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल हमेशा अपनी शानदार क्रिकेट परियों को लेकर चर्चा में रहते हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से उनका खराब फॉर्म भारत के लिए परेशानी बना हुआ है। पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में शुभमन का बल्ला पूरी तरह से शांत रहा, वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही T20 सीरीज में भी उनका बल्ला एकदम शांत है। आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच T20 सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। ऐसे में सवाल यह है कि क्या शुभमन गिल को खराब फॉर्म के चलते बाहर किया जाएगा। बता दें कि इस समय शुभमन गिल T20 टीम के उपकप्तान हैं।
पिछली 10 पारियों पर नजर डालें तो शुभमन ने T20 इंटरनेशनल में 200 से भी कम रन बनाए हैं। शुभमन गिल का यह खराब फॉर्म भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। T20 मुकाबलों में देखा जाए तो भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिल रही है। एक तरफ अभिषेक शर्मा जरूर टीम को संभाल रहे हैं, लेकिन शुभमन गिल रन बनाने में नाकाम रहे हैं।
एशिया कप 2025 में कैसा रहा था प्रदर्शन
दरअसल शुभमन गिल ने एशिया कप 2025 के T20 फॉर्मेट टूर्नामेंट में कुल सात मुकाबले खेले थे। इन सात मुकाबलों में शुभमन के बल्ले से 21.16 की औसत से सिर्फ 127 रन ही निकले थे। शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत भी कुछ खास नहीं की थी। तीन T20 मुकाबलों में शुभमन के बल्ले से मात्र 57 रन ही निकले। हालांकि शुभमन गिल के पास अभी दो मैच बाकी हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या उन्हें इन मैचों में मौका मिलेगा। अगर मौका मिलता है तो क्या शुभमन आखिरी दो मुकाबलों में अपनी फॉर्म को ढूंढने की कोशिश करेंगे। 6 नवंबर को होने वाले इस मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें शुभमन गिल पर ही रहने वाली हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैसा रहा प्रदर्शन?
अब तक खेले गए तीन मुकाबलों पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले T20 मुकाबले में शुभमन गिल के बल्ले से नाबाद 37 रन देखने को मिले थे। उस मुकाबले में शुभमन गिल अच्छे फॉर्म में दिखाई दे रहे थे, लेकिन बारिश ने उनकी लय को आगे नहीं बढ़ने दिया और मुकाबले को रोक दिया गया। दूसरे मुकाबले में शुभमन गिल से उम्मीद थी कि वह पहले मैच की लय को जारी रखेंगे और बड़ा स्कोर बनाएंगे, मगर दूसरे मुकाबले में शुभमन सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे मुकाबले में भी शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मात्र 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बता दें कि शुभमन गिल को अच्छे प्रदर्शन के चलते ही पहले टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था, जबकि उन्हें वनडे टीम की कप्तानी भी दी गई है। हालांकि T20 टीम के कप्तान फिलहाल सूर्यकुमार यादव हैं और शुभमन गिल उपकप्तान हैं।


