उत्तर प्रदेश में खराब मौसम ने बड़ा कहर बरपाया है। राज्य के कई जिलों में हुई तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से अब तक 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा 24 पशुओं की भी जान चली गई है।
राज्य सरकार ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
24 घंटे में मुआवजे के निर्देश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए। जिलाधिकारियों को फील्ड में मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत शासन से समन्वय करने के लिए कहा गया है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें
पिछले कुछ दिनों से राज्य में मौसम लगातार बिगड़ा हुआ है। कई जगहों पर तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। खुले इलाकों में रहने वाले लोगों और पशुओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली-एनसीआर भी प्रभावित
बेमौसम बारिश का असर सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल्ली-एनसीआर में भी तेज बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस खराब मौसम ने प्रदेश में भारी नुकसान पहुंचाया है और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

