विमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL) के मेगा ऑक्शन में गुरुवार को मध्य प्रदेश की पांच खिलाड़ियों पर बोली लगाई गई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से लेकर मुंबई इंडियंस तक ने मध्य प्रदेश की इन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि नीलामी में कुल 12 खिलाड़ी शामिल हुई थीं, लेकिन सिर्फ पांच खिलाड़ियों को ही खरीदा गया। मध्य प्रदेश की सबसे महंगी बिकने वाली खिलाड़ी पूजा वस्त्रकार रहीं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने पूजा वस्त्रकार को 85 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया है।
इस दौरान मध्य प्रदेश की कुछ युवा खिलाड़ियों को कोई खरीदार नहीं मिला। इन खिलाड़ियों ने पिछले कुछ समय में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन उन्हें आने वाले सीजन में जगह नहीं दी गई है। इनमें आयुषी शुक्ला, अनाड़ी तगड़े, वैष्णवी शर्मा और सूची उपाध्याय जैसे नाम शामिल हैं।
शहडोल की पूजा वस्त्रकार
शहडोल की पूजा वस्त्रकार मध्य प्रदेश की सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। पूजा वस्त्रकार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 85 लाख रुपए में खरीदा। उनका बेस प्राइस 50 लाख रुपए था। पूजा वस्त्रकार ने पिछले कुछ समय में शानदार प्रदर्शन किया है। वह मुंबई इंडियंस की टीम के लिए पहले भी खेल चुकी हैं, जिसके चलते टीमों ने उन पर बोली लगाई। अंत में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उन्हें अपने साथ जोड़ लिया।
सीधी की संस्कृति गुप्ता
वहीं इस ऑक्शन में संस्कृति गुप्ता को भी खरीदार मिल गया है। सीधी की रहने वाली संस्कृति गुप्ता अब मुंबई इंडियंस के लिए खेलती हुई नजर आएंगी। 2024 में भी मुंबई इंडियंस के लिए संस्कृति गुप्ता ने क्रिकेट खेला था। संस्कृति गुप्ता को मुंबई इंडियंस की टीम ने आगामी WPL के लिए 20 लाख रुपए में खरीदा है।
ग्वालियर की अनुष्का शर्मा
वहीं मध्य प्रदेश की रहने वाली अनुष्का शर्मा को गुजरात जायंट्स की टीम ने 45 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया है। बता दें कि अनुष्का ग्वालियर की रहने वाली हैं। उनका बेस प्राइस 10 लाख रुपए था। कई टीमों ने उन पर बोली लगाई। अनुष्का आक्रामक बल्लेबाज हैं। 2017 में वह एमपी की अंडर-16 टीम में भी शामिल थीं।
भोपाल की राहिला फिरदौस
मध्य प्रदेश के भोपाल की रहने वाली राहिला फिरदौस को मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ लिया है। मुंबई इंडियंस की टीम ने राहिला को 10 लाख रुपए के बेस प्राइस पर अपने साथ जोड़ा है। अब विमेंस प्रीमियर लीग में राहिला अच्छा प्रदर्शन कर सीनियर टीम में जगह बना सकती हैं। राहिला मध्य प्रदेश महिला टीम की कप्तान हैं और वह विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं।
छतरपुर की क्रांति गौड़
वहीं छतरपुर की क्रांति गौड़ को भी विमेंस प्रीमियर लीग में मोटी रकम में खरीदा गया है। क्रांति गौड़ को यूपी वॉरियर्स की टीम ने 50 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा है। उनका बेस प्राइस भी 50 लाख रुपए ही था। क्रांति गौड़ वर्ल्ड कप विजेता टीम की खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था। तेज गेंदबाज होने के चलते उन्हें यूपी वॉरियर्स ने अपने साथ जोड़ा है।


