भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा इस समय भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाली वनडे सीरीज की तैयारी में जुट गए हैं। बता दें कि दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 30 नवंबर को रांची के मैदान पर खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट टीम रांची में इस मुकाबले से पहले तैयारी कर रही है। विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी नेट में काफी देर बल्लेबाजी की। उनके साथ तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ भी नजर आए।
दरअसल दोनों टीमों के बीच कुल तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे जिसका पहला मुकाबला रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमें टी20 सीरीज में भी आमने-सामने होंगी। वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम रांची पहुंच चुकी है। वहीं इसी दौरान भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली महेंद्र सिंह धोनी के घर डिनर करने पहुंचे हैं।
30 नवंबर को खेला जाएगा मुकाबला
क्रिकेट के मैदान पर विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी को हमेशा से ही गहरा दोस्त माना जाता है। हालांकि महेंद्र सिंह धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, और विराट कोहली भी टी20 और टेस्ट क्रिकेट से अलविदा कह चुके हैं। पहले भी कई बार विराट कोहली महेंद्र सिंह धोनी के घर उनसे मिलने पहुंचे हैं। विराट कोहली जब भी रांची पहुंचते हैं तो अक्सर धोनी के घर जाते हैं। इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के अन्य खिलाड़ी भी धोनी के घर पहुंचे, जिसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। बता दें कि हाल ही में भारतीय क्रिकेट टीम को टेस्ट में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। वहीं अब 30 नवंबर से भारतीय टीम वनडे में साउथ अफ्रीका को टक्कर देगी। साउथ अफ्रीका के साथ होने वाले तीनों वनडे मुकाबले बेहद अहम होने वाले हैं। इन मैचों में विराट कोहली और रोहित शर्मा भी नजर आएंगे।


