विश्व शांति और मानवता की सेवा के विचारों से प्रेरित हैं सीएमएस छात्र : डॉ. दिलीप अग्निहोत्री
लखनऊ, पायनियर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल (सीएमएस), अलीगंज द्वितीय कैम्पस द्वारा आयोजित वार्षिक समारोह में छात्रों ने शिक्षात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। समारोह का आयोजन सीएमएस गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस के ऑडिटोरियम में भव्यता के साथ किया गया। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सीएमएस के छात्र विश्व शांति और मानवता के कल्याण के विचारों से प्रेरित हैं और यही बच्चे आगे चलकर समाज के आदर्श नागरिक बनेंगे
डॉ. अग्निहोत्री ने छात्रों को स्वामी विवेकानन्द, भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद और अशफाक उल्ला खाँ जैसे महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन का उद्देश्य केवल नौकरी अथवा व्यवसाय तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि चरित्र निर्माण, सेवा-भाव और मानवता के कल्याण के लिए कार्य करना भी आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।
इससे पहले मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गाँधी ने कहा कि बचपन में मिलने वाले संस्कार ही भावी जीवन का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि घर-परिवार में शांति, एकता एवं आध्यात्मिकता का वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है
सीएमएस की प्रबंध निदेशक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य छात्रों की नैसर्गिक प्रतिभा को निखारना और उन्हें आत्मविश्वासी एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि गहरी समझ, रचनात्मक सोच एवं विश्लेषणात्मक क्षमता ही बच्चों में वास्तविक आत्मविश्वास विकसित करती है।
उन्होंने बताया कि सीएमएस ने पिछले कुछ वर्षों में छात्रों के असेसमेंट की प्रक्रिया में बदलाव किया है, जिसमें केवल ज्ञान का परीक्षण ही नहीं, बल्कि छात्रों की रचनात्मक एवं विश्लेषणात्मक क्षमताओं का भी आकलन किया जाता है। सीएमएस छात्रों को बड़े सपने देखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और भविष्य में समाज के जिम्मेदार निर्णयकर्ता बनने के लिए प्रेरित करता है।
समारोह में छात्रों ने समूह गान, लघु नाटिका, लोकनृत्य एवं विभिन्न शिक्षात्मक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से छात्रों का उत्साहवर्धन किया
छात्रों की माताओं द्वारा प्रस्तुत समूह गान एवं ‘विश्व संसद’ की विशेष प्रस्तुति को भी दर्शकों ने खूब सराहा।सीएमएस अलीगंज द्वितीय कैम्पस की हेडमिस्ट्रेस सुश्री रश्मि द्विवेदी ने अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों में निहित प्रतिभा को विकसित करने में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सीएमएस का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से प्रत्येक बालक को समाज का आदर्श एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है
स्रोत: www.thehindipioneer.com


