सागर में जहरीली शराब कांड के आरोपियों पर बुलडोजर एक्शन, बंडा में करणी सेना के नेता सहित 5 ठिकानों पर कार्रवाई

Nikhil Malhotra
3 Min Read

भोपाल। सागर में जहरीली शराब कांड मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कड़े तेवर के बाद गुरुवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरु की। सागर के बंडा में प्रशा…

भोपाल। सागर में जहरीली शराब कांड मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कड़े तेवर के बाद गुरुवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरु की। सागर के बंडा में प्रशासन ने जहरीली शराब कांड के आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत के घर और गोदाम पर बुलडोजर चलाकर उसे जमीदोंज कर दिया। गौतलब है कि चंद्रभान सिंह राजपूत करणी सेना का संभागीय अध्यक्ष भी है

बुधवार शाम सागर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस-प्रशासन को आरोपियों और शराब मफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर फ्री हैंड दिया था। जिससे बाद बंडा में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने अवैध शराब कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनके अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया

गुरुवार सुबह भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ प्रशासन के अधिकारी बंडा में अवैध शराब मामले से जुड़े मुख्य आरोपियों के पांच ठिकानों को कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया। इनमें मनीष लोधी, चंद्रभान राजपूत और आशीष साहू के मकान और गोदाम शामिल हैं। प्रशासन द्वारा अनाधिकृत निर्माण और शासकीय भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई

प्रदेश सरकार द्वारा अवैध शराब के कारोबार को लेकर अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रशासन का कहना है कि जनस्वास्थ्य और लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में अवैध शराब कारोबारियों और माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बंडा में हुई कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। कथित तौर पर अवैध रूप से निर्मित मकानों और गोदामों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया

सागर जहरीली शराब कांड मामले में पुलिस ने अ्ब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमार कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी

स्रोत: readnownews.in

Share This Article