दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने बुधवार देर रात बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कुल 33 आईएएस और डैनिक्स अधिकारियों का ट्रांसफर किया। इस फैसले में पांच ऐसे अधिकारी भी शामिल हैं जो नई पोस्टिंग का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। सीनियर अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। डॉ. नरेंद्र कुमार को फाइनेंस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि प्रशांत गोयल को फूड और सिविल सप्लाई विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उनके पास पहले से ही डीएफसी और डीएससीएससी के सीडीएम का प्रभार भी है। सौम्या सौरभ को उत्तर पश्चिम जिले का जिला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक बदलाव में उपराज्यपाल की सचिवीय जिम्मेदारी भी शामिल है, और सोनिका सिंह को उपराज्यपाल की स्पेशल और प्राइवेट सेक्रेट्री बनाया गया है। इससे पहले वह डीडीए की कमिश्नर के पद पर तैनात थीं। वहीं, नवलेंद्र कुमार को सोशल वेलफेयर विभाग का एडिशनल डायरेक्टर बनाया गया है, जबकि वह पहले जीएसटी विभाग के एडिशनल कमिश्नर थे। हर्षित जैन को शिक्षा विभाग का जॉइंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया है और उन्हें 2027 की जनगणना के दौरान जरूरी फैसले लेने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसके अलावा, मंगल सैन को सेंट्रल जेल का सुपरिटेंडेंट बनाया गया है, जबकि ओम प्रकाश सैनी को डीएसएसएसबी का उपसचिव नियुक्त किया गया है। सरकार ने इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को कामकाज में सुधार, जिम्मेदारियों के बेहतर वितरण और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया कदम बताया है। अधिकारियों की नई पोस्टिंग से दिल्ली प्रशासन में कार्य प्रणाली को और सुचारु और प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। इस ट्रांसफर के बाद नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारी क्षेत्र और विभागों में अपने कार्यभार का समुचित निर्वहन करेंगे।

