पोते को बचाने के लिए बीच में आए बुजुर्ग की सीने में चाकू लगने से मौत, पोता घायल

Nikhil Malhotra
4 Min Read

रॉन्ग साइड आने पर टोका तो भड़का कबाड़ी, दादा-पोते पर चाकू से किया हमला

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। मड़ियांव थाने के सामने फ्लाईओवर के नीचे शनिवार दोपहर रॉन्ग साइड से आ रहे कबाड़ी को टोकना दादा-पोते को भारी पड़ गया। मामूली विवाद में गुस्साए कबाड़ी ने बाइक सवार पोते और पीछे बैठे उसके बाबा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पोते को बचाने के लिए बुजुर्ग बीच में आए तो आरोपी ने उन पर ही चाकू से कई वार कर दिए। सीने और पेट में गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि पोता घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है

मृतक की पहचान भरतनगर निवासी मगन बिहारी तिवारी (72) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2010 में नगर निगम के आरआर विभाग में सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह पोते संकल्प तिवारी के साथ बाइक से बिजली का बिल जमा करने पावर हाउस जा रहे थे। मड़ियांव थाने के सामने फ्लाईओवर के नीचे रॉन्ग साइड से तिपहिया ठेले पर आ रहे कबाड़ी को संकल्प ने रास्ते में आने पर टोका। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई।

आरोप है कि लोधी मार्केट के सामने बाइक की टक्कर सड़क पर जा रहे एक युवक से होने के बाद विवाद हुआ

कहासुनी के दौरान कबाड़ी ने संकल्प पर चाकू से हमला कर दिया। पोते को बचाने के लिए पीछे बैठे मगन बिहारी आगे आ गए। इसके बाद आरोपी ने संकल्प को छोड़कर बुजुर्ग पर ही चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। उनके सीने और पेट में कई जगह चाकू लगा। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना के बाद आरोपी ई-ऑटो से फरार हो गया लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था

घायल बाबा-पोते को हाईवे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मगन बिहारी की मौत हो गई। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मड़ियांव पुलिस के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने हमलावर की पहचान करीब 40 वर्षीय राजकुमार उर्फ मलाई के रूप में की है। वह केशवनगर में मार्कंडेय धर्मशाला के आसपास रहता है और मोहल्लों में कबाड़ खरीदता है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं। गिरफ्तारी के बाद हमले की वजह स्पष्ट होगी

बेटे ने कहा- पुलिस देखती तो आज पिता जिंदा होते

मगन बिहारी के बेटे प्रदीप तिवारी नगर निगम के जोन-दो में सुपरवाइजर हैं। उन्होंने बताया कि वह कार्यालय में थे, तभी मां का फोन आया कि पापा की तबीयत खराब है और हाईवे अस्पताल पहुंचो। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि किसी ने पिता को चाकू मार दिया है। वह पोते के साथ बिजली का बिल जमा करने निकले थे। बेटे ने कहा, पुलिस देखती तो आज मेरे पिता इस दुनिया में जिंदा होते। इतना कहते ही वह फफककर रो पड़े। मगन बिहारी के परिवार में पत्नी माया तिवारी, बेटा प्रदीप, बहू पुष्पा और तीन पोते-पोतियां हैं।

घटना के समय उनके साथ सबसे बड़ा पोता संकल्प तिवारी था, जो इंटर में पढ़ रहा है। हमले में वह भी घायल हुआ है। जानकारी मिलने पर बड़ी बेटी पूनम अस्पताल पहुंचीं। पिता का शव देखकर वह बिलख पड़ीं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। मड़ियांव पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article