निजी नंबर प्लेट वाली वैन से स्कूली बच्चों के परिवहन का आरोप, जांच की मांग

Nikhil Malhotra
3 Min Read

स्कूल में बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। अमेठी स्थित आइडियल मॉडर्न पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल के बच्चों को लाने-ले जाने के लिए निजी नंबर प्लेट वाले वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मामले की शिकायत के बाद अब संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि स्कूली बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के लिए निर्धारित नियमों का पालन बेहद जरूरी है

वाहन के वैध दस्तावेज, फिटनेस, बीमा, परमिट तथा चालक की पात्रता और पुलिस सत्यापन जैसे सुरक्षा मानकों की जांच होनी चाहिए। स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल परिसर और आसपास बच्चों के परिवहन में लगी कुछ वैनों को लेकर यह सवाल उठ रहा है कि क्या उनके पास बच्चों को व्यावसायिक रूप से परिवहन करने के लिए आवश्यक परमिट और अन्य वैध दस्तावेज हैं। आरोप है कि निजी श्रेणी के वाहनों का इस्तेमाल बच्चों को लाने-ले जाने के लिए किया जा रहा है

मामला सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल बच्चों की सुरक्षा को लेकर है। यदि परिवहन में लगे किसी वाहन का परमिट, फिटनेस या बीमा वैध नहीं है तो किसी हादसे की स्थिति में बच्चों की जिम्मेदारी किसकी होगी? यही वजह है कि अभिभावक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं

क्या बोले जिम्मेदार एआरटीओ लखनऊ आलोक यादव ने बताया कि मामले की शिकायत व्हाट्स ऐप और मेल के माध्यम से प्राप्त हुई है। सभी वाहनों को चिन्हित कर लिया गया है ये सभी प्राइवेट वाहनों पर कार्यवाही की जाएगी और इनपर जुर्माना भी लगेगा

जांच की मांग , जिम्मेदारों पर कार्रवाई की अपील

अभिभावकों ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और शिक्षा विभाग से स्कूल में बच्चों के परिवहन के लिए संचालित सभी वाहनों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, चालक के लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग उठाई है

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article