जनपद हमीरपुर के मौदहा विकासखंड क्षेत्र से होकर बहने वाली चंद्रावल नदी करीब 62 किलोमीटर लंबे प्रवाह में फैली हुई है, जिसका जलग्रहण क्षेत्र लगभग 990 वर्ग किलोमीटर है। यह नदी हमीरपुर के 18 गांवों से होकर गुजरती है। “जल संरक्षण-जन भागीदारी” मिशन के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों की निगरानी में चंद्रावल नदी के पुनरोद्धार को लेकर एक सुनियोजित और व्यापक कार्ययोजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के भू-जल स्तर को बढ़ाना, किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देना है। चंद्रावल नदी का यह पुनरोद्धार अभियान बुंदेलखंड जैसे जल संकट से जूझ रहे क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।
