इंटरनेट पर जानकारी खोजने का तरीका पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बदला है। लंबे समय तक किसी भी जानकारी के लिए लोग Google पर जाकर कीवर्ड टाइप करते थे और फिर कई वेबसाइट्स के लिंक देखकर जवाब तलाशते थे। अब AI Search ने इस प्रक्रिया को काफी हद तक बदल दिया है।
ChatGPT, Perplexity और Google के AI फीचर्स जैसे टूल्स यूजर के सवाल को समझकर सीधे जवाब देने की कोशिश करते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि Google Search और AI Search में आखिर क्या अंतर है और किस तरह के सवाल के लिए कौन सा विकल्प बेहतर है?
Google Search कैसे करता है काम?
Google Search मुख्य रूप से कीवर्ड और वेब पेज की प्रासंगिकता के आधार पर काम करता है। यूजर जब कोई सवाल या शब्द सर्च करता है, तो Google उससे संबंधित वेब पेजों को खोजकर उनकी रैंकिंग के हिसाब से रिजल्ट दिखाता है।
इसके बाद यूजर को अलग-अलग वेबसाइट्स पर जाकर जानकारी पढ़नी होती है और जरूरत के मुताबिक कई स्रोतों की तुलना करनी पड़ती है। यानी Google आमतौर पर आपको जानकारी के स्रोत और वहां तक पहुंचने के रास्ते देता है, अंतिम जवाब खुद तैयार करके नहीं देता।
AI Search में क्या है अलग?
AI Search का तरीका इससे काफी अलग है। AI टूल्स बड़े लैंग्वेज मॉडल (LLM) की मदद से यूजर के सवाल का संदर्भ और मंशा समझने की कोशिश करते हैं। वे उपलब्ध जानकारी को प्रोसेस करके उसे एक व्यवस्थित जवाब के रूप में सामने रखते हैं।
इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि यूजर को हर जानकारी के लिए अलग-अलग वेबसाइट खोलने की जरूरत कम पड़ती है। कई AI Search टूल्स जवाब के साथ संबंधित स्रोतों के लिंक भी देते हैं, जिससे यूजर चाहें तो मूल जानकारी को दोबारा जांच सकते हैं।
Google में लिंक, AI में तैयार जवाब
दोनों के बीच सबसे स्पष्ट अंतर यही है। Google Search आपको संभावित जवाब वाली वेबसाइट्स तक पहुंचाता है, जबकि AI Search उन स्रोतों से जानकारी लेकर उसे समझने योग्य जवाब में बदलने की कोशिश करता है।
अगर सवाल छोटा और सीधा है, जैसे किसी शब्द का अर्थ, किसी स्थान की जानकारी या सामान्य तथ्य, तो दोनों विकल्प उपयोगी हो सकते हैं।
लेकिन जब सवाल में कई पहलुओं को एक साथ समझना हो, किसी विषय की तुलना करनी हो या अलग-अलग जानकारियों को जोड़कर निष्कर्ष निकालना हो, तब AI Search ज्यादा सुविधाजनक हो सकता है।
AI Search पर आंख बंद करके भरोसा क्यों नहीं करना चाहिए?
AI Search सुविधाजनक जरूर है, लेकिन इसकी सीमाएं भी हैं। AI कभी-कभी गलत, अधूरी या भ्रामक जानकारी को भी आत्मविश्वास के साथ पेश कर सकता है। इसे आम तौर पर AI Hallucination कहा जाता है।
दूसरी ओर, Google Search में यूजर को अलग-अलग स्रोतों को खुद देखने और उनकी विश्वसनीयता जांचने का मौका मिलता है। हालांकि Google के रिजल्ट में भी हर वेबसाइट समान रूप से भरोसेमंद नहीं होती।


