गोमती पुस्तक महोत्सव-2026 का शुभारंभ, सीएम योगी ने कहा- युवाओं तक किताबें पहुंचाने की जरूरत

shikha verma
3 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित 5वें गोमती पुस्तक महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को पुस्तकों से जुड़ने और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुस्तक ‘एग्जाम वॉरियर्स’ हर बच्चे को पढ़नी और उसके संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

सीएम योगी ने कहा कि यह कहना उचित नहीं है कि आज का युवा किताबें नहीं पढ़ता। जरूरत इस बात की है कि अच्छी और उपयोगी किताबें युवाओं तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि पुस्तकें केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करती हैं।

मुख्यमंत्री ने महोत्सव परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और बच्चों को ‘एग्जाम वॉरियर्स’ की प्रतियां वितरित कीं। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक केवल विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि हर युवा और नागरिक के लिए उपयोगी है। जीवन में प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी परीक्षा और चुनौती से गुजरता है। ऐसे समय में यह पुस्तक मार्गदर्शन और आत्मविश्वास देने का काम कर सकती है।

युवा किताबें नहीं पढ़ता, यह कहना अन्याय: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के कारण युवा पुस्तकों से दूर हो गया है, यह धारणा पूरी तरह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं तक अच्छी किताबें पहुंचाई जाएं तो वे उन्हें पढ़ने में रुचि दिखाते हैं।

उन्होंने लखनऊ और गोरखपुर में आयोजित पुस्तक महोत्सवों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन आयोजनों में युवाओं और आम लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। इससे यह स्पष्ट होता है कि आज भी पुस्तकों के प्रति लोगों की रुचि बनी हुई है।

ज्ञान को सीमित दायरे में नहीं बांधना चाहिए

सीएम योगी ने कहा कि किसी व्यक्ति, समाज या राष्ट्र की प्रगति के लिए अपनी ज्ञान परंपरा और विरासत से जुड़े रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को लंबे समय तक सीमित दायरे में रखने के प्रयास किए गए, जिसके परिणाम समाज और राष्ट्र को भुगतने पड़े।

उन्होंने उत्तर प्रदेश की प्राचीन ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए नैमिषारण्य, काशी और शुक्रतीर्थ जैसे स्थानों की चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सदियों से ज्ञान, साहित्य और विचार-विमर्श की महत्वपूर्ण भूमि रहा है।

पुस्तक महोत्सव ज्ञान और विचारों के आदान-प्रदान का मंच

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक महोत्सव युवाओं, विद्यार्थियों, लेखकों और प्रकाशकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराता है। यहां पाठकों को विभिन्न विषयों की ज्ञानवर्धक और रोचक पुस्तकों को जानने तथा लेखकों से संवाद करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने बताया कि गोमती पुस्तक महोत्सव-2026 नौ दिनों तक चलेगा, जिसमें पुस्तक विमोचन, लेखकों से संवाद और साहित्यिक गतिविधियों के साथ रचनाकारों की यात्रा को समझने के अवसर मिलेंगे।

Share This Article
Leave a Comment