शिखा वर्मा
अयोध्या जनपद के थाना बाबा बाजार क्षेत्र के ग्राम हंसराजपुर पूरे विशेन निवासी 27 वर्षीय जवान देवेश सिंह देश सेवा करते हुए शहीद हो गए।19 फरवरी को सेना की गाड़ी करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 10 जवान मौके पर ही शहीद हो गए और 11 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर जवानों को दिल्ली एम्स रेफर किया गया। इलाज के दौरान देवेश सिंह ने अंतिम सांस ली।
शहीद का पार्थिव शरीर जब पैतृक गांव पहुंचा तो पूरा इलाका नम आंखों से अपने वीर सपूत को विदाई देने उमड़ पड़ा। पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सेना के जवानों ने अंतिम सलामी दी और तिरंगा परिजनों को सौंपा — यह दृश्य हर आंख को नम कर गया।
अंतिम संस्कार में प्रदेश के मंत्री सतीश शर्मा, विधायक रामचंद्र यादव, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सहित सेना के अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
सरकार ने 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और गांव को “शहीद ग्राम” का दर्जा देने की घोषणा की है।
आठ वर्षों से भारतीय सेना में सेवा दे रहे देवेश सिंह की अप्रैल में शादी तय थी। तीन बहनों के इकलौते भाई के बलिदान से पूरे क्षेत्र में गम और गर्व का माहौल है।


