NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) सांसद संजय सिंह और प्रशासनिक अधिकारी (ADM) के बीच हुई कथित नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घटना बीते सोमवार (1 जून 2026) की बताई जा रही है, जब संजय सिंह प्रयागराज के सर्किट हाउस में प्रतियोगी छात्रों के साथ संवाद कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, चर्चा के दौरान प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बैठक को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया है।
इस घटना पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए उत्तर प्रदेश प्रशासन और पुलिस पर सवाल उठाए हैं।
सुधाकर सिंह ने कहा कि NEET जैसे संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा को रोकना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने लिखा कि जब लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा मामला सामने आ रहा है, तो उस पर संवाद और जवाबदेही से बचने की कोशिश क्यों की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि NEET पेपर लीक ने छात्रों और अभिभावकों के भरोसे को गहरी चोट पहुंचाई है, ऐसे में इस मुद्दे पर चर्चा को रोकना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि मामले में पारदर्शी जांच हो और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है और विपक्ष सरकार की भूमिका पर लगातार सवाल उठा रहा है।


