लखनऊ: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। राहुल गांधी के बयान पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह देशहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मनिष्ठ नेताओं को “गद्दार” कहना कांग्रेस नेतृत्व की मानसिक स्थिति को दर्शाता है।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि हर चुनावी हार के बाद राहुल गांधी का “माथा गर्म” हो जाता है और वे अनियंत्रित बयान देने लगते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और पार्टी “हार का शतक” लगाने की ओर बढ़ रही है।
इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग लगातार जारी है।


