देश के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले की मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलांग की अदालत ने जमानत दे दी है। हालांकि, अदालत ने जमानत के साथ कुछ कड़ी शर्तें भी तय की हैं। कोर्ट के आदेश के अनुसार, सोनम रघुवंशी शिलांग छोड़कर कहीं नहीं जा सकती। इसके अलावा, उसे रोजाना स्थानीय थाने में उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज करानी होगी।
जेल में थी बंद, पहले भी हुई थीं गिरफ्तारियां
सोनम रघुवंशी इस मामले में शिलांग की जेल में बंद थी। पुलिस ने इस केस में सोनम समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से तीन आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है। सोनम को पिछले साल 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से हिरासत में लिया गया था।
हनीमून के दौरान हुई थी हत्या
जानकारी के मुताबिक, राजा रघुवंशी, जो मध्य प्रदेश के इंदौर के निवासी और व्यवसायी थे, अपनी शादी के बाद पत्नी सोनम के साथ 21 मई को हनीमून मनाने शिलांग पहुंचे थे। 26 मई को दोनों के लापता होने की सूचना मिली, जिसके बाद बड़े पैमाने पर खोज अभियान चलाया गया।
कई दिनों की तलाश के बाद 2 जून को राजा का शव सोहरा क्षेत्र में वेई सावडोंग झरने के पास एक गहरी खाई से बरामद किया गया।
जांच में सामने आई साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सोनम रघुवंशी का राज कुशवाहा नाम के युवक के साथ संबंध था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर हनीमून के बहाने राजा की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, हत्या की वारदात को आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी ने अंजाम दिया, जबकि सोनम मौके पर मौजूद थी।

